Thursday, July 30, 2026

Kiran Singh Deo Accident: यूपी में छत्तीसगढ़ BJP अध्यक्ष की कार ट्रक में घुसी, कूल्हा टूटा; झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती

ललितपुर/रायपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-44 पर तालबेहट क्षेत्र में उनकी इनोवा कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में किरण सिंह देव घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे में किरण सिंह देव की कमर में गहरी चोट आई है और कूल्हे में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के समय उनकी पत्नी और बेटी भी साथ थीं, जो सुरक्षित हैं।

तेज रफ्तार कार को बचाने में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे तालबेहट क्षेत्र में टेकरी गांव स्थित महेन्द्र सिंह महाविद्यालय के पास हुआ। यह स्थान ललितपुर जिला मुख्यालय से करीब 44 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि हाईवे पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। उसे बचाने के प्रयास में किरण सिंह देव के चालक ने इनोवा को मोड़ा, इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन तक नुकसान पहुंचा।

कार में फंसे थे किरण सिंह देव, पुलिस ने बाहर निकाला

हादसे के बाद किरण सिंह देव कार में फंस गए थे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही कोतवाली तालबेहट पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तत्काल CHC तालबेहट पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने किरण सिंह देव को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दतिया और नेमावर से लौट रहे थे रायपुर

पुलिस के मुताबिक, किरण सिंह देव बुधवार को अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश गए थे। उन्होंने दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद परिवार के साथ नेमावर में नर्मदा तट स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में भोजन किया।

इसके बाद वे रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में उनकी इनोवा हादसे का शिकार हो गई।

पत्नी और बेटी सुरक्षित

हादसे के वक्त किरण सिंह देव के साथ उनकी पत्नी और बेटी भी थीं। दोनों सुरक्षित हैं। हादसे के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

वहीं, झांसी के डीएम गौरांग राठी और SSP बीबीजीटीएस मूर्ति समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

SDM और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही SDM तालबेहट अभिजीत सिंह और कोतवाल अशोक कुमार वर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में सामने आ रही है कि हाईवे पर सामने से आ रही कार को बचाने के दौरान इनोवा अनियंत्रित हुई और खड़े ट्रक से जा टकराई।