Saturday, March 14, 2026

KORBA: पुलिस के फोन से घबराया गैरेज मिस्त्री, फांसी लगाकर दी जान; मरने से पहले बनाया वीडियो

कोरबा/जांजगीर-चाम्पा। कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक गैरेज मिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो भी बनाया, जो अब सामने आया है। वीडियो में उसने जांजगीर-चाम्पा जिले के पंतोरा चौकी में पदस्थ एक आरक्षक के फोन आने के बाद तनाव में होने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सनत कश्यप निवासी अकलतरा, जिला जांजगीर-चाम्पा के रूप में हुई है। वह कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में स्थित अशोक लीलैंड कंपनी में मिस्त्री के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 6 बजे उसने अपने कमरे में सीलिंग फैन के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

रूम पार्टनर युवती को लेकर फरार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सनत कश्यप का रूम पार्टनर धीरज पाटले भी मिस्त्री का काम करता था और वह पिछले दोपहर से ही फरार बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि धीरज पाटले पंतोरा चौकी क्षेत्र की एक युवती को अपने साथ लेकर भाग गया है।

युवती के परिजनों ने इस मामले में पंतोरा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद चौकी में पदस्थ एक आरक्षक ने पूछताछ के सिलसिले में सनत कश्यप को फोन कर चौकी आने के लिए कहा था।

बताया जा रहा है कि इस फोन कॉल के बाद सनत कश्यप काफी घबरा गया और मानसिक तनाव में आ गया। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार पुलिस की छवि सुधारने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कुछ जगहों पर कर्मचारियों की धमकी और भयादोहन की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।