कोरबा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और लुभावने ब्याज का झांसा देकर जिलेभर में ठगी का जाल बिछाने वाली फ्लोरा मैक्स/फ्लोरा होलसेल कंपनी का बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। इस मामले में कंपनी के मालिक अखिलेश सिंह सहित 7 लोगों के खिलाफ पुलिस ने नामजद अपराध दर्ज किया है। कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट से तीन दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि अन्य 6 आरोपी अभी भी फरार हैं।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के नाम पर ठगी

फ्लोरा मैक्स कंपनी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के नाम पर उनके विश्वास का फायदा उठाकर ठगी करती थी। आरोपी फाइनेंस कंपनियों से लोन दिलाने और ऊंचे ब्याज का लालच देकर ग्रामीण और मध्यमवर्गीय महिलाओं को अपना शिकार बनाते थे। इस ठगी के जाल में कई महिलाएं अपनी पूरी जमा पूंजी गंवा चुकी हैं।

शहर की सभ्रांत महिलाएं भी गिरोह में शामिल

इस ठगी में शहर के कुछ सभ्रांत परिवारों की महिलाओं की भी संलिप्तता सामने आई है। ये महिलाएं ग्रामीण और मध्यम वर्ग की महिलाओं को बड़े सपने दिखाकर उन्हें ठगने का काम करती थीं। मामले में नगर सैनिक मनोज भारद्वाज और उनकी पत्नी नीता भारद्वाज के भी नाम शिकायत में दर्ज हैं, जो इस गिरोह का हिस्सा बताए जा रहे हैं।

100 करोड़ से अधिक की ठगी

फ्लोरा मैक्स ने अब तक 100 करोड़ से अधिक की ठगी की है। आरोपियों ने महिलाओं से जुड़े छोटे-बड़े वित्तीय लेन-देन में धोखाधड़ी कर यह रकम हड़पी।

आरोपी सूची में ये नाम शामिल

  • अखिलेश सिंह (मालिक, फ्लोरा मैक्स)
  • राजू सिंह
  • श्रीमती गुड़िया सिंह
  • मयाराम साहू
  • कु. तनिपा बघेल
  • श्रीमती संतोषी साहू
  • बलराम सिंह ठाकुर