Wednesday, November 4, 2026

Korba Accident: कुसमुंडा-गेवरा टीपर मार्ग पर भीषण हादसा, स्कूटी-बाइक की टक्कर के बाद ट्रेलर की चपेट में आए युवक-युवती की मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कुसमुंडा-गेवरा को जोड़ने वाले टीपर मार्ग पर सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटी और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दौरान बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, वहीं स्कूटी सवार युवती की भी हादसे में जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

स्कूटी और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे युवक बाइक से और युवती स्कूटी से टीपर मार्ग पर गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों दुपहिया वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर ट्रेलर की चपेट में आ गया और उसके पहियों के नीचे आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक और युवती दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

रेलवे अंडरब्रिज बंद होने से टीपर मार्ग पर बढ़ा था दबाव

बताया जा रहा है कि गेवरा-कुसमुंडा को जोड़ने वाले रेलवे अंडरब्रिज को मंगलवार से मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया था। इसके चलते इस मार्ग से आवागमन करने वाले सैकड़ों लोगों को वैकल्पिक रास्ते के रूप में भारी वाहनों के आवागमन वाले टीपर रोड का इस्तेमाल करना पड़ रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों और दुपहिया वाहनों की एक ही मार्ग पर आवाजाही के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। बुधवार सुबह हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कुसमुंडा पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और मृतकों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी।