Friday, October 30, 2026

Korba Accident: ट्रांसपोर्ट नगर में भीषण हादसा, कार से टकराकर हवा में उछला बाइक सवार; स्कूटी सवार दो महिलाएं भी गिरीं

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। ट्रांसपोर्ट नगर मुख्य मार्ग पर सीएसईबी चौक के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक की कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी युवक से टकरा गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

कार के बोनट से टकराई तेज रफ्तार बाइक

जानकारी के मुताबिक, डिवाइडर से मुड़ रही कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा भिड़ी। टक्कर लगते ही बाइक चालक उछलकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी उससे टकरा गई। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं, जो टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़ीं।

बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

बताया जा रहा है कि स्कूटी की रफ्तार कम होने के कारण दोनों महिलाओं को मामूली चोटें आईं। वहीं बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

CCTV में कैद हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच

दुर्घटना के बाद पुलिस ने सड़क से क्षतिग्रस्त बाइक हटवाई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सड़क पर तेज रफ्तार और वाहन मोड़ने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।