Thursday, July 23, 2026

KORBA BREAKING: बड़े भाई ने टंगिया से काटकर की छोटे भाई की हत्या, पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लेपरा में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लंबे समय से चली आ रही रंजिश के चलते बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुराने विवाद को लेकर हुआ झगड़ा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम लेपरा निवासी कैलाश धनवार और उसके छोटे भाई मथुरा धनवार के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कैलाश ने गुस्से में टंगिया उठाकर मथुरा पर लगातार कई वार कर दिए।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हमले में गंभीर रूप से घायल मथुरा धनवार को परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।