कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लेमरू थाना क्षेत्र में उफनते नाले को बाइक से पार करने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। तेज बहाव में बाइक समेत बह गए युवक का शव करीब 12 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला, जबकि उसका साथी तैरकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घरेलू काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार (28) सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर गया था। देर शाम दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला लगातार बारिश के कारण उफान पर था और पानी का बहाव बेहद तेज था।
तेज बहाव में बह गई बाइक
ग्रामीणों के अनुसार, नाले में पानी का स्तर काफी बढ़ चुका था। इसके बावजूद राहुल ने बाइक सहित नाला पार करने का प्रयास किया। जैसे ही दोनों नाले के बीच पहुंचे, तेज बहाव ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राहुल बाइक समेत बह गया, जबकि पीछे बैठे बुधराम ने किसी तरह तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
रातभर चला इंतजार, सुबह मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रातभर सर्च ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। मंगलवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई, जिसके दौरान राहुल कुमार मंझवार का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की अपील के बावजूद लोग उठा रहे जोखिम
बारिश के मौसम में प्रशासन लगातार लोगों से उफनते नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने की अपील करता है। इसके बावजूद कई लोग जान जोखिम में डालकर ऐसे रास्तों से गुजरने की कोशिश करते हैं, जिससे हर साल इस तरह के दर्दनाक हादसे सामने आते हैं।











