Monday, September 14, 2026

Korba Elephant News: हाईवे पर अचानक पहुंचा लोनर हाथी, सेल्फी लेने पहुंचे लोगों पर दौड़ा; मची भगदड़

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के केंदई रेंज के चोटिया में नेशनल हाईवे पर एक लोनर हाथी के अचानक पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथी को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के बेहद करीब पहुंच गए। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और लोगों की ओर दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी तरफ आता देख लोग जान बचाकर भागने लगे और कुछ ही सेकंड में हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए हाथी के करीब पहुंचे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोनर हाथी हाईवे पर पहुंचा तो राहगीर और स्थानीय लोग उसे देखने के लिए सड़क पर रुक गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कई लोग मोबाइल से हाथी का वीडियो बनाने लगे। कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए भी उसके काफी करीब पहुंच गए। लोगों को अपने पास आता देखकर हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उनकी तरफ दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी ओर आते देख वीडियो बना रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बांसबाड़ी में भोजन की तलाश में आते हैं हाथी

स्थानीय लोगों के मुताबिक, चोटिया मुख्य मार्ग के किनारे बांसबाड़ी है। हाथी अक्सर भोजन की तलाश में यहां पहुंचते हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर हाथियों का दिखाई देना आम बात है।

हालांकि, लोनर यानी झुंड से अलग रहने वाला हाथी अपेक्षाकृत अधिक आक्रामक हो सकता है। ऐसे हाथी के अचानक हमला करने का खतरा बना रहता है।

केंदई रेंज में घूम रहा 32 हाथियों का झुंड

केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है। झुंड से अलग होने के कारण उसके व्यवहार में आक्रामकता देखी जा सकती है।

वन विभाग ने लोगों को लोनर हाथी से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

सायरन बजाकर हाथी को जंगल की ओर भेजा

हाथी के हाईवे पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सायरन बजाकर और सावधानीपूर्वक हाथी को सड़क से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा।

साथ ही, वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को हाथी के पास जाने से रोका। विभाग की ओर से हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है। सड़क किनारे राहगीरों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।

वन विभाग की अपील- हाथी के पास न जाएं

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल या सड़क पर हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाकर सेल्फी या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। हाथी को देखकर शोर न मचाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

खासकर लोनर हाथी के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि वह अचानक आक्रामक होकर लोगों की ओर दौड़ सकता है।