Friday, July 31, 2026

Korba Gevra Mine Accident: गेवरा खदान में कोयला लोड ट्रेलर चारपहिया वाहन पर पलटा, बाल-बाल बची बड़ी अनहोनी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल गेवरा खदान में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कोयला लोड ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक चारपहिया कैंपर वाहन के ऊपर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कैंपर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत रही कि जिस समय ट्रेलर चारपहिया वाहन पर पलटा, उस वक्त कैंपर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। यदि वाहन में कोई बैठा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ढलान पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रेलर

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर गेवरा खदान के 12 नंबर कांटा से एक ट्रेलर में कोयला लोड किया गया था। वजन तौलने के बाद ट्रेलर ढलान से नीचे की ओर जा रहा था।

इसी दौरान ट्रेलर अचानक हेल्पर साइड की ओर झुक गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते समय ट्रेलर की चपेट में सड़क किनारे खड़ा सफेद रंग का चारपहिया कैंपर वाहन आ गया।

कैंपर के ऊपर गिरा ट्रेलर और कोयला

ट्रेलर के पलटते ही उसका ट्राला और उसमें लदा भारी मात्रा में कोयला सीधे कैंपर वाहन के ऊपर जा गिरा। हादसे में कैंपर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी जोरदार रही होगी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कैंपर वाहन खाली था और उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

चालक को मामूली चोट, बड़ी अनहोनी टली

घटना में ट्रेलर चालक को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कैंपर वाहन में उस समय कोई व्यक्ति बैठा होता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। इस तरह एक बड़ी अनहोनी बाल-बाल टल गई।

खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद गेवरा खदान में कोयला परिवहन से जुड़े मार्गों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है, ऐसे में सड़क की स्थिति और ढलान वाले हिस्सों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी जरूरी है।

स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि गेवरा प्रबंधन के कोयला परिवहन से जुड़े विभाग को ट्रेलरों की आवाजाही वाले रास्तों की उचित मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह

फिलहाल हादसा किस तकनीकी या अन्य कारण से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा और भारी वाहनों के संचालन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।