Monday, July 27, 2026

Korba News: गृह मंत्री अमित शाह और पुलिस पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी, वन विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पुलिस विभाग के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में बांगो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कटघोरा वन मंडल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फेसबुक वीडियो के बाद दर्ज हुई शिकायत

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया गया था। वीडियो में स्वयं को वन विभाग का कर्मचारी बताने वाले शेखर सिंह रत्नाकर ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए धरना-प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री, पुलिस विभाग और शासन के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां की थीं।

भाजयुमो पदाधिकारी ने की कार्रवाई की मांग

वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) मंडल पोड़ी-उपरोड़ा के उपाध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी ने बांगो थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शिव शंकर उड़के सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

शिकायत में कहा गया कि इस तरह की कथित टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।

तकनीकी जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

शिकायत मिलने के बाद कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो का सत्यापन करने के बाद आरोपी शेखर सिंह रत्नाकर को बांकी मोंगरा क्षेत्र से हिरासत में लिया।