Friday, September 11, 2026

Korba News: चलती मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट के सिर में लगा पत्थर; रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई घटना

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने चलती मालगाड़ी के इंजन पर पथराव कर दिया। घटना में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव के दौरान एक पत्थर उनके सिर पर जा लगा, जिससे खून बहने लगा। इंजन के दरवाजे का कांच भी टूट गया।

घटना के बाद घायल लोको पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रेलवे कर्मचारियों में घटना को लेकर नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

गेवरा खदान जा रही थी मालगाड़ी

जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान की ओर कोयला लोड करने जा रहे थे। मालगाड़ी जैसे ही दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, अज्ञात लोगों ने अचानक इंजन पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव के कारण इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया। इसी दौरान एक पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर लगा। चोट लगने के बाद उनके सिर से खून बहने लगा और मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा।

घायल लोको पायलट को अस्पताल ले गए अधिकारी

घटना के बाद लोको पायलट ने इसकी जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल सुनील कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पथराव के बाद काफी देर तक खड़ी रही मालगाड़ी

घटना के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इससे रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी और जांच शुरू कराई।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

दीपका रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

दीपका पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश

रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। इससे लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और अन्य रेल कर्मचारियों की जान को खतरा हो सकता है।

कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।