Saturday, November 7, 2026

Korba News: कोरबा में दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग भी पकड़े गए

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े राह चलती महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स लूटने वाले आरोपियों को सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक विवो मोबाइल फोन और दोनों घटनाओं में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास महिला से की थी लूट

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 3 नवंबर 2026 की है। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।

सेंट जेवियर्स स्कूल जा रही महिला को बनाया निशाना

लूट की दूसरी वारदात 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों तक पहुंची टीम

महिलाओं से लगातार दो दिनों तक हुई लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों, जो विधि से संघर्षरत बालक हैं, के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

6 हजार रुपये नकद और विवो मोबाइल बरामद

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे। वहीं खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मामले में लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध

पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी दीपक साहू को विधिवत गिरफ्तार किया। उसकी पहचान दीपक साहू पिता अमर लाल साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। वहीं, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई से महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।