कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी की शनिवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष मौजूदगी में हुई इस बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर बदली, महंगी बिजली, 400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना, अच्छी सड़कें, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई के मुद्दे पर सरकार और नगर निगम के खिलाफ आंदोलन की तैयारी की है।
महंगाई को लेकर जयसिंह अग्रवाल ने सरकार पर साधा निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है, लेकिन महंगाई बेलगाम हो गई है। इसका असर रसोई से लेकर आम लोगों के सफर तक दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 72 रुपये और प्याज 25 रुपये से बढ़कर 45 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा रसोई में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुओं की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे आम आदमी और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना में संशोधन कर इसे बंद करने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।
खराब सड़कों और पेयजल को लेकर निगम पर हमला
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों की हालत खराब है। बारिश के दौरान लोगों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि शहर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन निगम के 17 महीने के कार्यकाल में शहरवासी इन सुविधाओं के लिए परेशान रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी इस मुद्दे पर मौन रहने का आरोप लगाया।
24 अगस्त को कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार 24 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिनों के भीतर सकारात्मक पहल की मांग करेगा।
मुकेश राठौर ने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सुधार, मरम्मत या नवीन निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो 11वें और 12वें दिन नगर निगम कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन और निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद
बैठक को श्याम सुंदर सोनी ने भी संबोधित किया, जबकि संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने किया। बैठक में जिला कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने साफ किया कि शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इन मुद्दों को लेकर अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।










