कोरबा, 17 जुलाई। एसईसीएल (SECL) की गेवरा परियोजना में SILO और CHP निर्माण कार्य कर रही बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के काम पर नहीं जाने से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
दो महीने पहले हुआ था समझौता
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि करीब दो महीने पहले भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर उन्होंने SECL के CGM कार्यालय का घेराव किया था। उस समय एरिया पर्सनल मैनेजर, बंसल इंफ्राटेक कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच समझौता हुआ था कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच मजदूरी का भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
वादाखिलाफी का आरोप
श्रमिकों का आरोप है कि इस महीने भी कंपनी ने तय समय पर वेतन नहीं दिया। 10 जुलाई को जब उन्होंने कंपनी प्रबंधन से भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी तो सोमवार से बुधवार तक वेतन जारी करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया।
‘पेमेंट आएगा तब काम पर आना’
श्रमिकों का कहना है कि दोबारा पूछने पर कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि “जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।” इस जवाब से नाराज श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने श्रमिक चौक पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।









