कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके ही घर के अंदर मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से खून से सनी ईंट के टुकड़े मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घर के अंदर खून से लथपथ मिला महिला का शव
जानकारी के अनुसार, ग्राम जमनीमुड़ा निवासी सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों घर में मौजूद थे। शुक्रवार सुबह सहदेव की नींद खुली तो उसने अपनी पत्नी को घर के अंदर मृत अवस्था में देखा। महिला के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। यह देखकर उसने तत्काल ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सिर पर गंभीर चोट, घटनास्थल से ईंट के टुकड़े बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु या ईंट से महिला के सिर पर वार किया गया होगा। पुलिस ने ईंट के टुकड़ों को जब्त कर लिया है।
डॉग स्क्वायड ने खंगाला घटनास्थल, नहीं मिला ठोस सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने घर के अंदर और आसपास के इलाके में सुराग तलाशने का प्रयास किया। हालांकि, घटना के बाद घर में लोगों की लगातार आवाजाही होने के कारण डॉग स्क्वायड को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मर्ग कायम कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मनीष कौशिक के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है। महिला की मौत हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।






