कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गईं तीन नाबालिग सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब की मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद अनहोनी की आशंका हुई। कुछ देर बाद एक बच्ची का शव पानी में तैरता मिला। इसके बाद तलाश करने पर दो अन्य बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए। घटना पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव की है।
स्कूल नहीं गईं, दोपहर में तालाब पहुंचीं
जानकारी के मुताबिक, नुनेरा गांव की रहने वाली इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) आपस में सहेलियां थीं। तीनों कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं।
गुरुवार को उनके परिजन काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। इस दौरान तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने चली गईं। शाम को जब परिजन घर लौटे तो तीनों बच्चियां वहां नहीं थीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तालाब की मेड़ पर मिले कपड़े और चप्पल
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब पहुंचा। वहां तालाब की मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान इंदु का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। ग्रामीण ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों और अन्य लोगों को दी। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इंदु के शव को तालाब से बाहर निकाला।
काफी मशक्कत के बाद 2 और शव बरामद
इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
एक बच्ची को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में चली गई होगी। उसे डूबता देखकर बाकी दोनों सहेलियां उसे बचाने के लिए पानी में उतरी होंगी। इसी दौरान तीनों बच्चियां गहरे पानी में डूब गई होंगी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी। तालाब में एक बच्ची का शव तैरता मिला, जिसके बाद बाकी दो बच्चियों की तलाश की गई। दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









