कोरबा। जिले के कटघोरा-जेंजरा बायपास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक का चालक बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया। दरवाजा पिचक जाने के कारण उसे बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
तेज रफ्तार में आमने-सामने भिड़े दोनों ट्रक
जानकारी के मुताबिक, दोनों ट्रक तेज गति से बायपास मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान किसी वजह से दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद बचाव दल ने फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।
दूसरे ट्रक को टोचन कर निकाला चालक
चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था और ट्रक का दरवाजा पूरी तरह पिचक गया था। ऐसे में उसे सीधे बाहर निकालना संभव नहीं था। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान दूसरे ट्रक को टोचन कर रस्सी से बांधा गया।
इसके बाद दूसरे वाहन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को खींचा गया और काफी मशक्कत के बाद फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद बायपास पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग जमा हो गए। इसके चलते कटघोरा-जेंजरा बायपास पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ रेस्क्यू कार्य में भी मदद की।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को डायल 112 वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया। घायल चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।








