कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयादशमी के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने इलेक्ट्रिक बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान यशवंत गुप्ता (24) और शुभम गुप्ता (20) के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पूजा का सामान छोड़कर लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार को नोनबिर्रा के पास हुआ। मृतक यशवंत गुप्ता, पिता हरि गुप्ता, और शुभम गुप्ता नोनबिर्रा के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, गांव में नौ दिनों तक मां दुर्गा की स्थापना की गई थी। विजयादशमी के दिन दोपहर में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों युवक इलेक्ट्रिक बाइक से पूजा का सामान पंडित के यहां छोड़ने गए थे।
पूजा का सामान छोड़कर वापस लौटते समय रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। विजयादशमी के पर्व पर जहां परिवार में खुशियों का माहौल था, वहीं दो युवकों की असमय मौत से मातम छा गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मौके पर पहुंची करतला पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात भारी वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
करतला थाना प्रभारी गणेश राम यादव के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
फरार वाहन चालक की तलाश जारी
कोरबा पुलिस फरार चालक और दुर्घटना में शामिल भारी वाहन का पता लगाने में जुटी हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार में वाहन चलाने से बचें, ताकि इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।







