कोरबा: फ्लोरा मैक्स ठगी कांड में महिलाओं का अनशन, कर्जमुक्ति की मांग

कोरबा। फ्लोरा मैक्स ठगी कांड ने कोरबा सहित प्रदेश के हजारों महिलाओं की जिंदगी को कर्ज में डूबो दिया है। 300 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अकेले कोरबा में 120 करोड़ रुपये की ठगी का शिकार महिलाएं हो चुकी हैं।

महिलाओं पर कर्ज का बोझ, बैंकों की धमकी
फ्लोरा मैक्स के जाल में फंसी महिलाओं ने अपनी बचत गंवा दी है। ऊपर से बैंकों द्वारा किश्त चुकाने के लिए धमकी दी जा रही है। इस दबाव के चलते महिलाएं मानसिक तनाव और भय में जीने को मजबूर हैं।

मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित महिलाओं ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कर्जमुक्ति के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सरकार की उदासीनता से निराश महिलाओं ने अब तानसेन चौक पर अनशन शुरू कर दिया है।

अनशनकारियों की मांग: कर्जमुक्ति हो सुनिश्चित
महिलाओं ने ठगी से उपजे कर्ज को माफ करने और उन्हें इस संकट से उबारने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, उनका अनशन जारी रहेगा।