रायगढ़ में लव जिहाद का मामला सामने आया है। युवक ने अपना धर्म छिपाकर त्रिपुरा की महिला से शादी की। महिला को जब पता चला कि युवक मुस्लिम धर्म का है, तो युवक उसपर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। किसी तरह महिला युवक के चगुंल से निकलकर दिल्ली पहुंची, लेकिन युवक ने उसे खोज निकाला। इसके बाद महिला फिर भागने में कामयाब रही और रायगढ़ आ पहुंची।
महिला को सारंगढ़ के एक NGO का सहारा मिला। महिला सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंची और कलेक्टर को लिखित शिकायत करते हुए दोषी पर कार्रवाई करने की मांग की है।
सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान
महिला ने आवेदन में बताया कि करीब 4 साल पहले जम्मू के रहने वाले युवक से सोशल मीडिया पर उसकी पहचान हुई। युवक ने सोशल मीडिया पर अपना नाम गुलशन मनहस लिखा था। इसके बाद करीब छह-सात महीने बात करते हुए दोनों में प्रेम हो गया।
मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से की शादी
जिसके बाद 2021 में गुलशन ने शादी करने की बात कहकर उसे आंध्र प्रदेश बुलाया। महिला अपने घर में बिना बताए कुछ दिन बाद आंध्र प्रदेश चली गई। जून 2021 में आंध्र प्रदेश के व्रदापालम नामक शहर में दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली।








