Saturday, September 26, 2026

लिव इन में रह रहे युवक ने की खुदकुशी:सुसाइड नोट में लिखा-जिंदगी से परेशान हो चुका हूं, नदी में कूदकर दी जान

दुर्ग जिले में लिव इन में रह रहे एक युवक ने खुदकुशी कर ली है। वह जान देने के लिए नदी में कूद गया था। इसके अलावा उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा है कि मैं जिंदगी से परेशान हो चुका हूं। इसलिए जान दे रहा हूं। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है।

मूल रूप से कोरबा के बुधवारी बाजार इलाके का रहने वाला चंद्रशेखर सोनी (32) पिछले 4 सालों से दुर्ग के आमापारा में अपनी गर्लफ्रेंड सावित्री देवांगन के साथ रह रहा था। वो यहां पर किसी चश्मा दुकान में काम करता था।सावित्री भी कोरबा की रहने वाली है।

आखिरी बार गर्लफ्रेंड से बात की थी

बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर ने आखिरी बार 19 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड से बात की थी। इसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा था। ये भी पता चला है कि चंद्रशेखर परिवार को लेकर काफी दुखी था। इस बीच 19 जुलाई को वो बाइक लेकर घर से निकला था।

इसके बाद वह डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी पर बने ब्रिज के पास पहुंचा। बाइक को उसने ठाकुर होटल के पास रखा और ब्रिज से नदी में छलांग लगा दी। आस-पास खड़े लोगों ने उसे नदी में छलांग लगाते देखा था। जिसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।