Thursday, April 23, 2026

छत्तीसगढ़ में युवक को चाकू से गोदकर मार डाला:10 बदमाशों ने सिर, पेट और सीने में किए वार; 2 दिन पहले मारपीट की थी

चाकुओं से युवक पर किए कई बार वार।मनेंद्रगढ़ जिले में 10 से ज्यादा हमलावरों ने एक युवक को चाकू से वार कर मार डाला। युवक के सिर, सीने और पेट में कई वार किए गए हैं। वारदात के बाद मनेंद्रगढ़ में तनाव की स्थिति रही। पूरा मामला मनेंद्रगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा में बिजली ऑफिस के पास रविवार रात करीब 10.30 बजे मयूर जसूजा (19) अपने 5 साथियों के साथ बैठा था। इस बीच बदन सिंह मोहल्ले से 10 युवक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। 2 दिनों पहले मारपीट की घटना को लेकर दोनों में विवाद हो गया। फिर रवि यादव सहित अन्य युवकों ने मयूर जसूजा पर हमला कर दिया।

मृतक युवक मयूर जसूजा (फाइल फोटो)
मृतक युवक मयूर जसूजा (फाइल फोटो)

अस्पताल में हो गई घायल युवक की मौत

मयूर के अन्य दोस्तों पर भी हमले की कोशिश की गई, लेकिन वह भाग गए। रवि यादव और युवकों के हमले से मयूर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। उसे मौके पर छोड़कर हमलावर भाग निकले। मयूर के दोस्तों ने करीब 11 बजे उसे गंभीर हालत में CHC मनेंद्रगढ़ में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चाकुओं से युवक पर किए कई बार वार।
चाकुओं से युवक पर किए कई बार वार।

घटना से तनाव, अस्पताल में पुलिस बल तैनात

घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस रात को अस्पताल पहुंची थी। सूचना पर मयूर जसूजा के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मयूर के चाचा के मुताबिक दो दिन पहले हुए विवाद की शिकायत करने के बाद पुलिस का देर रात कॉल आया, जिसमें कहा गया कि तुम्हारे भतीजे ने लड़ाई की है इसे 302 के तहत अंदर कर देंगे।

मनेंद्रगढ़ अस्पताल में तैनात पुलिस बल।
मनेंद्रगढ़ अस्पताल में तैनात पुलिस बल।

2 दिन पहले हुआ था विवाद

हमलावर युवकों और मयूर जसूजा के बीच 13 जुलाई की रात करीब 9.30 बजे विवाद हुआ था। रवि यादव ने कोतवाली मनेंद्रगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई की रात वह करीब 10 बजे टहलते हुए खेड़िया टॉकिज के आगे हनुमान मंदिर के पास पहुंचा था। इस दौरान पियूष जसूजा ऊर्फ पिच्ची, शुभम तिवारी और अन्य 2 युवकों ने उससे गाली-गलौज और मारपीट की थी।

मृतक के परिजनों के अनुसार मयूर जसूजा ने भी थाने में शिकायत की थी, जिसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए थे।

6 से अधिक युवक हिरासत में, अन्य फरार

युवक की हत्या के बाद मनेंद्रगढ़ पुलिस भी सक्रिय हो गई है। 6 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कुछ युवक फरार हो गए हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

छत्तीसगढ़ में क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें

पति-पत्नी कर रहे थे झगड़ा, पड़ोसी ने कर दी हत्या

रायपुर में दंपत्ति के झगड़े के दौरान युवक ने गुस्से में पड़ोसी की हत्या कर दी। पति-पत्नी के विवाद के दौरान ईंट घर में गिरने से भड़के पड़ोसी ने आकर उसने पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अब पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है।