अमेरिकी एंटी-वायरस कंपनी के एक अपडेट का असर माइक्रोसॉफ्ट पर पड़ा। इससे शुक्रवार (19 जुलाई) को दुनियाभर की एयरलाइंस, टीवी टेलिकास्ट, बैंकिंग और कई कार्पोरेट कंपनियों का कामकाज प्रभावित हुआ। करीब 1400 फ्लाइट कैंसिल हुई हैं। ऑनलाइन सर्विसेज ठप होने स फ्लाइट बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर दिए गए।
आपने पहले कभी एंटी-वायरस फर्म क्राउडस्ट्राइक के बारे में नहीं सुना होगा, लेकिन कंपनी ने अपने वायरस स्कैनर फाल्कन के साथ जो कुछ किया, उसका माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम चलाने वाले लाखों कंप्यूटरों पर पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट ने सुबह करीब 5 बजे इसकी जानकारी दी। हालांकि, एपल और लाइनक्स के यूजर्स प्रभावित नहीं हुए।
भारत में भी इसका सबसे ज्यादा असर एयरपोर्ट पर देखा गया। एयरलाइन्स की ऑनलाइन सर्विसेज इससे प्रभावित हुई। मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु समेत पूऱे देश के एयरपोर्ट पर भारी भीड़ देखी गई। जानकारी न मिलने से लोगों ने एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार किया। देश में इस आउटेज का किसी और सर्विस पर ज्यादा असर नहीं रहा।









