Friday, April 17, 2026

MP-राजस्थान समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:दो दिन मेहरबान रहेगा मानसून, भोपाल में ढाई घंटे में सवा तीन इंच पानी गिरा

देश के ज्यादातर राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव हो गया है। जिन इलाकों में अब तक मानसून नहीं पहुंचा है, अगले कुछ दिनों में वहां भी मानसून की एंट्री हो जाएगी। मुंबई और राजस्थान में झमाझम बारिश हो रही है। भोपाल में शुक्रवार को ढाई घंटे में सवा तीन इंच पानी गिरा। कई जगह पेड़ गिर गए और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब-हरियाणा में कहीं-कहीं मध्यम, तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक और उत्तरी केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

देश में बारिश तो शुरू हो गई है, लेकिन मानसून को लेकर अभी भी चिंता बनी हुई है। देशभर में सामान्य से 8% कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बहुत बड़ी कमी नहीं है, इतनी बारिश सामान्य श्रेणी की ही मानी जाएगी। आंकड़ों की मानें तो जून में सेंट्रल इंडिया में सामान्य से 30% कम बारिश रिकॉर्ड की गई। दक्षिण भारत में सामान्य से 14% हुई।

​​​​​​नॉर्थ-वेस्ट भारत में सामान्य से 12% तक कम बारिश पिछले महीने रिकॉर्ड हुई, लेकिन इसी दौरान ईस्ट और नॉर्थ-ईस्ट में सामान्य से 22% ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगर बारिश 10% तक है तो उसे सामान्य माना जाता है।

मध्यप्रदेश में जुलाई के पहले दिन सुबह से बारिश हो रही है। भोपाल में ढाई घंटे में सवा तीन इंच पानी गिरा। कई जगह पेड़ गिर गए। सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। निचले इलाकों की कॉलोनियों में पानी भर गया। बारिश के कारण न्यू मार्केट में बनी नई सड़क उखड़ गई। यह सीजन में पहली बार है, जब एक दिन में सबसे ज्यादा पानी गिरा है।

प्रदेश में मानसून की बारिश के हालात देखें तो 24 घंटे में शुक्रवार दोपहर तक नर्मदापुरम में 5.5 इंच, बैतूल में 5 इंच, देवास, सीहोर में 4.5-4.5 इंच, उज्जैन, अशोकनगर, मंदसौर 3-3 इंच पानी गिर चुका था। नर्मदापुरम् के तवा डैम में 30 घंटे में 5 फीट पानी बढ़ा। इसके अलावा बैतूल के सतपुड़ा डैम से भी पानी छोड़ने के कारण जलस्तर बढ़ा। हालांकि, शुक्रवार को मौसम साफ है।