रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी अंतर्गत सुगापारा में हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 22 जनवरी को गांव के समारू मांझी (55 साल) ने जमीन बंटवारे के विवाद में अपने भतीजे सबल साय मांझी (35 साल) की हत्या कर दी थी। बुधवार 25 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने अपने भतीजे पर पहले तो लकड़ी के टुकड़े से जोरदार हमला किया था और उसके बेहोश हो जाने के बाद प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला घोंट दिया था।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी की रात चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द सहायक उप निरीक्षक अमृत मिंज को हत्या की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वे ग्राम सुगापारा पहुंच गए। वहां घर के बरामदे में युवक सबल मांझी का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी मां रूगबुगी मांझी (65 वर्ष) ने बताया कि 20 जनवरी की सुबह वे ग्राम तिलडेगा गई थी। घर में बेटा-बहू और दोनों पोते थे। 22 जनवरी को दोपहर में उन्हें खबर मिली कि समारू मांझी ने उसके बेटे की हत्या कर दी है।










