कोंडागांव में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए हादसे में दंतेवाड़ा के डिप्टी कलेक्टर और डेनेक्स के CEO मुकेश कुमार गोंडा सहित 3 लोग घायल हो गए हैं। तीनों को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद करीब एक घंटे तक सभी उसमें फंसे रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। हादसा केशकाल क्षेत्र में हुआ है।दंतेवाड़ा के डिप्टी कलेक्टर पेंड्रा निवासी मुकेश कुमार गोंडा अपनी दो ड्राइवरों दंतेवाड़ा के चितालंका निवासी शिवा और जितेंद्र नेताम के साथ स्कार्पियो से बिलासपुर जा रहे थे। अभी वे केशकाल में नेशनल हाईवे-30 पर पहुंचे ही थे कि बटराली गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग अंदर ही बुरी तरह से फंस गए। हादसे की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।









