Thursday, March 5, 2026

एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह, युवकों के झगड़े में चाकू से हत्या, गुस्साए ग्रामीणों का रातभर प्रदर्शन

खैरागढ़। जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र के खादी गांव में एकतरफा प्यार के चलते हुए विवाद ने भयानक रूप ले लिया। बीती रात चाकूबाजी की घटना में 20 वर्षीय युवक धीरज यादव की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पूरी रात प्रदर्शन करते हुए हत्यारे को गांव में लाने की मांग की।

कैसे हुआ विवाद?

मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा है। धीरज यादव और आरोपी सीताराम पटेल (19 वर्ष) एक ही युवती को पसंद करते थे। बीती रात धीरज ने आरोपी को युवती से छेड़छाड़ करने से मना किया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आरोपी ने चाकू निकालकर धीरज पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का आक्रोश और बवाल

घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने धीरज के शव को घटनास्थल पर रखकर रातभर प्रदर्शन किया। ग्रामीण आरोपी को गांव में लाने और उसे कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे।

हालात को काबू में लाने के लिए साल्हेवारा पुलिस ने बकरकट्टा और गंडई थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस ने रातभर ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया और मृतक के शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।