रायपुर: भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) को पिछले विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को एक साल पूरा हो गया है। 3 दिसंबर 2023 को हुए विधानसभा चुनाव की काउंटिंग के बाद भाजपा ने छत्तीसगढ़ में स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया था, जिसके बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार गठन हुआ था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज के दिन को ‘जनादेश दिवस’ के रूप में मनाते हुए छत्तीसगढ़ की जनता का एक बार फिर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, “जनादेश दिवस हमारे लिए सिर्फ चुनावी सफलता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के लोगों द्वारा भाजपा के नेतृत्व पर जताए गए विश्वास और उनके समर्थन का परिणाम है। हम इस विश्वास को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और आगे भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।”
उन्होंने अपने कार्यकाल में राज्य के समग्र विकास की दिशा में किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में लगातार सुधार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार की प्राथमिकता जनहित में काम करने की है, और प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें आगामी कार्यों के लिए उत्साहित किया। उन्होंने कहा, “यह सफलता केवल हमारी पार्टी की नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता, समर्थक और उन सभी लोगों की है जिन्होंने हमारी नीतियों में विश्वास रखा। हम सभी मिलकर राज्य के विकास की दिशा में और अधिक प्रभावी कदम उठाएंगे।”