Friday, September 18, 2026

PAK की कराची यूनिवर्सिटी में फिदायीन हमला:3 चीनी महिलाओं समेत 5 की मौत; बलोच संगठन ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के कराची शहर की यूनिवर्सिटी में मंगलवार दोपहर फिदायीन हमला हुआ। 5 लोगों की मौत हो गई है। हमला कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास एक कार के करीब हुआ। पुलिस के मुताबिक, मारे गए 5 लोगों में से तीन चीन की महिला प्रोफेसर हैं। चौथा उनका पाकिस्तानी ड्राइवर और पांचवा गार्ड है।

कराची पुलिस चीफ गुलाम नबी मेमन ने ‘द न्यूज’ वेबसाइट से बातचीत में कहा- यह एक फिदायीन हमला था और बुर्का पहने एक महिला ने इसे अंजाम दिया। मारे गए लोगों में तीन चीनी महिला प्रोफेसर, उनका ड्राइवर और गार्ड शामिल है। दो घायल गंभीर हैं।

नबी ने एक और अहम खुलासा किया। इससे लगता है कि घटना के बाद फायरिंग भी हुई। नबी ने कहा- धमाके के बाद घटनास्थल पर रेंजर्स की टीम पहुंचीं। इसके चार लोग घायल हुए हैं और उन्हें गोलियां लगी हैं। इसका मतलब यह हुआ महिला के साथ कुछ और लोग थे जो कैंपस में ही मौजूद थे। हम इन लोगों की तलाश कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, बलोच लिबरेशन फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इसी संगठन ने पिछले महीने गिलगित में सैन्य ठिकाने पर हमला किया था। इसमें 22 सैनिक और 4 आम नागरिक मारे गए थे।

जियो न्यूज के मुताबिक, यूनिवर्सिटी कैंपस के बिल्कुल सामने वाले हिस्से में एक कार पार्क की गई थी। इसके पास कई छात्र मौजूद थे जबकि एडमिशन प्रोसेस के चलते कुछ स्टूडेंट्स के पेरेंट्स भी वहां थे। इसके सामने ही एक ऑडिटोरियम है, इसे कन्फ्यूशियस हॉल कहा जाता है। कुछ सूत्रों के मुताबिक, जिस कार में बम था उसमें भी कुछ लोग बैठे थे।

सिंध के मुख्यमंत्री घटनास्थल पर जाएंगे
कराची सिंध प्रांत का हिस्सा है। यहां पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की सरकार है। सूत्रों के मुताबिक, सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह घटनास्थल का दौरा कर सकते हैं।