कोरबा, 11 फरवरी 2025। कोरबा जिले में आज संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत ने सभी को चौंका दिया। कोरबा नगर निगम, जो पहले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में उच्च मतदान प्रतिशत के लिए जाना जाता था, इस बार काफी नीचे गिर गया। जहां एक ओर नगर पंचायत छुरीकला में 78.23% मतदान दर्ज हुआ, वहीं कोरबा नगर निगम में यह आंकड़ा 48.43% तक सिमट गया।
यह स्थिति प्रत्याशियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत 70 से 80% तक था, जो इस बार नगरीय निकाय चुनावों में अप्रत्याशित रूप से घट गया। दीपका नगर पालिका परिषद में 48.09% और कटघोरा, बांकीमोंगरा व पाली में क्रमशः 67.57%, 62.77% और 71.38% मतदान दर्ज किया गया, जो अन्य क्षेत्रों के मुकाबले थोड़ा बेहतर दिखे, लेकिन कुल मिलाकर औसत मतदान प्रतिशत 51.66% रहा।
चुनाव परिणाम पर इसका असर पड़ सकता है, क्योंकि मतदाताओं की उत्साह में कमी और प्रत्याशियों की चिंता अब चुनावी भविष्य को लेकर संशय पैदा कर रही है। क्या यह कम मतदान प्रतिशत किसी गहरे राज का प्रतीक है? क्या नतीजे उम्मीदों से विपरीत होंगे?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार के परिणाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। कुछ विश्लेषक मानते हैं कि कम मतदान प्रतिशत से पता चलता है कि जनता की सक्रियता कम हुई है, जिसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ सकता है। वहीं, कुछ लोग इसे चुनाव के प्रति लोगों की उदासीनता से जोड़कर देख रहे हैं।
अब यह देखना होगा कि कम मतदान प्रतिशत के बावजूद चुनाव परिणाम किस दिशा में जाते हैं और क्या यह आंकड़े राजनीतिक दलों के लिए एक नई चुनौती साबित होते हैं। चुनावी माहौल में माहौल गर्म है, और सभी की नजरें अब परिणामों पर हैं.








