रायपुर. अपने प्रचार के लिए रेलवे ट्रैक के साथ आपराधिक छेड़छाड़ कर सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालकर वीडियो बनाने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है. ट्विटर पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को रेलवे ट्रैक पर विभिन्न प्रकार की वस्तुएं रखते हुए दिखाया गया था, जिसके बाद तत्काल जांच की गई. जांच में पाया गया कि अपराधी गुलजार शेख ने अपने यूट्यूब चैनल पर 250 से अधिक वीडियो अपलोड किए हैं और उसके 2 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं. उसकी ऑन-कैमरा गतिविधियों ने रेलवे सुरक्षा और संचालन दोनों के लिए एक बड़ा जोखिम पैदा किया.शेख की यूट्यूब प्रोफ़ाइल और सोशल मीडिया उपस्थिति के विस्तृत विश्लेषण के बाद आरपीएफ ने एक अगस्त को रेलवे अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया. इसके बाद आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुलजार शेख, पुत्र सैयद अहमद को खांडरौली गांव, सोरांव (इलाहाबाद), उत्तरप्रदेश में उनके निवास से गिरफ्तार किया.









