Monday, April 27, 2026

जवानों ने बारिश का पानी पीकर जंगल में काटी रात:महिला नक्सली का शव उठाकर पार की उफनती नदी; कांकेर में किया था ढेर

कांकेर में मुठभेड़ के बाद जवानों ने बारिश का पानी पीकर रात गुजारी। - Dainik Bhaskarछत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बीच जवानों का नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। कांकेर के बिनागुंडा के जंगलों में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने 8 लाख की इनामी महिला नक्सली का मार गिराया। इस ऑपरेशन के दौरान जवानों ने दो दिन जंगल में गुजारे।

बारिश का पानी पीकर जंगल में जवानों ने रात काटी। उफनती नदी पार कर ऑपरेशन चलाया। मुठभेड़ से लौटते जवानों का वीडियो भी सामने आया है। जवान तेज बारिश और उफनती नदी-नालों को पार कर सकुशल वापस लौट रहे हैं।

महिला नक्सली की लाश लेकर उफनती नदी को पार करते जवान।
महिला नक्सली की लाश लेकर उफनती नदी को पार करते जवान।

बिनागुंडा जंगल में नक्सल ऑपरेशन के लिए निकले थे

कांकेर डीआरजी, पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम सोमवार की शाम छोटेबेठिया इलाके के बिनागुंडा जंगल में नक्सल ऑपरेशन के लिए निकली थी। ये वही इलाका है, जहां सुरक्षाबलों ने 16 अप्रेल को 29 नक्सलियों को मार गिराया था।

वहां से तकरीबन दो किलोमीटर दूर बिनागुंडा है, जहां सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। करीब एक घंटे तक चले इस मुठभेड़ में जवानों ने नक्सलियों के कंपनी नंबर 5 PLGA सदस्य रीता माडियाम को ढेर कर दिया।

मारी गई नक्सली को कंधे पर लाद, जवानों ने पार की उफनती नदी

छोटेबेठिया से लगे माड़ इलाके में जवान बिनागुंडा के जंगल तक पहुंचे करीब 2 दिन जवानों ने जंगल में ही बिताया, पीने का पानी खत्म होने पर जवानों ने प्लास्टिक के पाल में बारिश के पानी को जमा कर अपनी प्यास बुझाई।

इस दौरान तेज बारिश, उफनते नदी-नालों की दोहरी मार झेलते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि मुठभेड़ में ढेर महिला नक्सली के शव को कंधे में लादकर जवान उफनती नदी पार कर रहे हैं।

मुठभेड़ के बाद शव और हथियार हुआ था बरामद

कांकेर में मुठभेड़ में 8 लाख की महिला नक्सली ढेर।
कांकेर में मुठभेड़ में 8 लाख की महिला नक्सली ढेर।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के घोर नक्सल प्रभावित इलाका छोटे बेठिया के जंगलों में मंगलवार को मुठभेड़ हुई है। जिसमें जवानों ने 8 लाख की महिला नक्सली को ढेर कर दिया है। सर्चिंग के दौरान उसका शव, हथियार और नक्सल सामग्री बरामद किया गया है। छोटेबेठिया से लगे माड़ के जंगलों में नक्सलियों की कंपनी नंबर 5 काफी सक्रिय है। सुरक्षाबलों ने कमांडर राजू सलाम की टीम को रडार में रखा है। उसके मौजूद होने की सूचना मिलने पर जवान सोमवार शाम सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान जंगल में मौजूद करीब 30 से 40 नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने एक महिला नक्सली को मारी गई।