Sunday, August 2, 2026

स्पाइडरमैन चोर गिरफ्तार : एक छत से दूसरे छत में कूदकर करता था चोरी, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

दुर्ग. जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के दो मामलों में पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है. शातिर चोर स्पाइडरमैन की तरह घरों की छतों से एक छत से दूसरे छत कूदकर मकान में एंट्री करता था और चोरी के बाद तेजी से कूदते फांदते भाग निकलता था. इस चोर ने दुर्ग पुलिस के नाक में दम कर रखा था, लेकिन अब ये स्पाइडर मैन दुर्ग पुलिस की गिरफ्त में है.

दरअसल पिछले कुछ दिनों से मोहन नगर थाने में लगातार शिकायतें दर्ज हो रही थी कि कॉलोनियों के कुछ घरों में लगातार चोरियां हो रही है. इन चोरी की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो रहा था, लेकिन पुलिस उस तक नहीं पहुंच पा रही थी, क्योंकि चोर पलक झपकते ही गायब हो जाता था.

मोहन नगर थाने में दर्ज हुई शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच की तो सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान हुई. चोर के पास से कुल पांच लाख रुपए का चोरी किया गया सामान बरामद किया गया. एएसपी संजय ध्रुव ने बताया कि लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस संयुक्त टीम बनाकर इनकी पतासाजी शुरू की. इस दौरान आदतन अपराधियों, जेल से रिहा हुए बदमाशों से भी पूछताछ की गई.