Monday, October 26, 2026

करंट लगने से तीन हाथियों की मौत, वन विभाग में मचा हड़कंप

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में करंट लगने से तीन हाथियों की मौत हो गई, जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। यह हादसा घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चुह्कीमार जंगल में हुआ, जहां 11 केवी की विद्युत लाइन के तार टूट कर जमीन पर गिर गए थे। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक बड़ा हाथी, एक युवा हाथी और एक छोटा हाथी करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रायगढ़ के डीएफओ भी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना जंगल में बिछाए गए बिजली के तारों के टूटने के कारण हुई, जो हाथियों के लिए घातक साबित हुआ। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।

तीन हाथियों की मौत से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। इस घटना ने जंगल में वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।