Monday, June 8, 2026

*TI और युवक के बीच सड़क पर विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल*

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार-शुक्रवार की रात अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक पुलिस अधिकारी और युवक के बीच सड़क पर तीखी बहस का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने देर रात बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक को जांच के लिए रोका। बाइक पर एक दंपती और उनकी छोटी बच्ची सवार थे, जो फिल्म देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान युवक और थाना प्रभारी (TI) के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

 

युवक का आरोप है कि TI ने उसे थप्पड़ मारा और बाइक की चाबी छीन ली। वायरल वीडियो में युवक पुलिस अधिकारी से बहस करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक TI पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए उंगली दिखाता नजर आ रहा है। वहीं, युवक द्वारा TI को ‘तुम’ कहकर संबोधित करने पर अधिकारी ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया।

 

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। इस संबंध में CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि बाइक पर महिला और बच्ची को देखते हुए युवक को मौके पर ही जाने दिया गया था। उसे अगले दिन थाने आकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कहा गया था, लेकिन वह नहीं पहुंचा।

 

CSP के अनुसार, युवक ने अब तक थाने में आमद दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में पुलिस उसकी पहचान कर नोटिस जारी करने और आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

 

फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।