Thursday, September 24, 2026

सिलेंडर लोड वाहन हसदेव पुल पर पलटा, चालक की मौत

कोरबा.नेशनल हाईवे संख्या 130 बी पर केंदई के पास आज दोपहर हुई सडक़ दुर्घटना में वाहन चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मोरगा पुलिस यहां पहुची। तकनीकी संसाधन और लोगों के सहयोग से मृत चालक का शव वाहन के केबिन से निकाला गया। उसकी पहचान नहीं हुई है।

शुक्रवार को दोपहर कोरबा जिले के सीमांत क्षेत्र में अंबिकापुर बिलासपुर नेशनल हाईवे मैं यह हादसा हुआ। रसोई गैस के खाली सिलेंडर लेकर बॉटलिंग प्लांट की तरफ जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होने के साथ हसदेव नदी के सडक़ पुल पर पलट गया। केंदई के पास यह दुर्घटना हुई। चौकी प्रभारी अश्वनी निरंकारी ने बताया कि वाहन संख्या सीजी 04 केएल 3148 में काफी संख्या में गैस सिलेंडर लोड थे। हादसे के दौरान वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से घूम गया जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आखिर वाहन किस दिशा से आ रहा था। हादसे में मृत चालक केबिन में पूरी तरह से फस गया था जिसे पुलिस पार्टी ने काफी जतन करने के बाद निकाला। हसदेव नदी पुल पर दुर्घटना होने के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लाइन दोनों दिशा में लग गई और आवाजाही बाधित हो गई। हाईवे पेट्रोलिंग पार्टी और पुलिस के द्वारा आवश्यक प्रयास करते हुए स्थिति को सामान्य किया जा रहा है।