
केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार में प्रदर्शन का शनिवार को चौथा दिन है। पटना के मसौढ़ी में तारगेना स्टेशन के पास पत्थरबाजी और फायरिंग हुई है। प्रदर्शनकारी स्टेशन में तोड़फोड़ करने लगे। पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया है। काबू पाने के लिए पुलिस ने कई राउंड फायर किए हैं।
बताया जा रहा है कि मसौढ़ी में सुबह 8 बजे कोचिंग से छुट्टी के बाद छात्र स्टेशन पर जुटने लगे। छात्र तोड़फोड़ करने लगे। स्टेशन मास्टर के केबिन और बुकिंग काउंटर को फूंक दिया। गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर 10-15 राउंड फायर किए गए। बचाव में पुलिस ने 100 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई हैं।
बक्सर के नवानगर में NH 120 को जाम कर आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला किया। पुलिस निरीक्षक की गाड़ी में आग लगा दी। बचाव में पुलिस ने दो-चार राउंड फायरिंग की।
15 जिलों में 19 जून तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। प्रदर्शन को देखते हुए प्राइवेट स्कूलों ने भी आज छुट्टी रखी है। जहानाबाद के टेहटा बाजार में प्रदर्शनकारियों ने सुबह साढ़े 7 बजे पथराव के बाद ट्रक में आगजनी की है। सूचना मिलने पर पुलिस के अफसर पहुंचे, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी वहां से निकल चुके थे। और ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था।
इधर मुंगेर में प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। तारापुर बीडीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ की। अब तक राज्य के अंदर कुल 31 FIR दर्ज हुई और 435 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी हुई।









