Monday, May 4, 2026

अचानक बढ़ा जलस्तर, तीन बच्चे घंटों तक फंसे रहे, सुरक्षित बचाव से टला बड़ा हादसा

CG News : नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, तेज धार में घंटो फंसे रहे तीन बच्चे  बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हो रही झमाझम बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। रविवार को राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गागर नदी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी में अचानक पानी का स्तर बढ़ जाने से मछली पकड़ने गए तीन बच्चे घंटों तक तेज धार के बीच फंसे रहे।

मिली जानकारी के अनुसार, तीन बच्चे रोज की तरह गागर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश के चलते नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ गया और तीनों बच्चे बीच धार में फंस गए। घटना की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक प्रशासन और ग्रामीण स्थिति पर नजर बनाए रहे।

करीब कुछ घंटों बाद जब जलस्तर कम हुआ, तब सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बच्चों के सुरक्षित बाहर आने पर परिजनों और गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि समय रहते जलस्तर घट गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।