Friday, August 28, 2026

अफगानिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के दिन काबुल समेत 2 बड़े शहरों में लोगों ने राष्ट्रीय झंडा फहराया; तालिबान की फायरिंग में 2 की मौत

तालिबान ने 15 अगस्त को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर अपना झंडा गाड़ दिया। तालिबानी हुकूमत के ठीक पांचवें दिन यानी 19 अगस्त को अफगानिस्तान अपनी आजादी मना रहा है। तालिबानी हुकूमत के खिलाफ आजादी के दिन कई इलाकों में लोग तालिबान के खिलाफ प्रदर्शन में अफगानिस्तान का झंडा लहरा रहे हैं।

पाकिस्तान से सटे अफगानी प्रांत कुनार की राजधानी असादाबाद में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली जा रही रैली में लोग अफगानी झंडा लहरा रहे थे। इन पर तालिबान ने फायरिंग कर दी, जिससे भगदड़ मच गई। हिंसा में दो लोग मारे गए हैं। राजधानी काबुल के पश्तूनिस्तान चौक पर भी तालिबान विरोधियों ने अफगानिस्तान का राष्ट्रीय झंडा लहराया है।

जलालाबाद में भी बुधवार को राष्ट्रीय झंडे के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर तालिबान ने फायरिंग की थी। इसमें तीन लोग मारे गए थे। यहां पत्रकारों को भी पीटा गया था। इस बीच तालिबान ने कहा है कि अफगानिस्तान का झंडा अब नई बनने वाली तालिबानी सरकार ही तय करेगी।