Monday, April 20, 2026

आंधी-तूफान में ढही दीवार, मलबे में दबा परिवार: कोरबा में बड़ा हादसा, तीनों गंभीर; आज भी अंधड़-बारिश का अलर्ट

कोरबा। जिले में रविवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कहर बरपा दिया। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर (कपाटमुडा रोड) में एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार गिरकर पड़ोसी के घर पर आ गिरी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए।

घटना में घायल अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पड़ोसियों की मदद से मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में घर का सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्राथमिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के कारण निर्माणाधीन दीवार कमजोर होकर गिर गई और यह हादसा हो गया।

आज भी मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले 2 दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि यूपी से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है, जिसके चलते अगले 5 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4°C रिकॉर्ड हुआ है।