Sunday, August 23, 2026

आकाशीय बिजली का कहर, बैगा पति-पत्नी की दर्दनाक मौत; घर के पास बैठे थे दोनों

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बैगा पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में हुआ। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर के पास बैठे थे पति-पत्नी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे मंगल सिंह (46 वर्ष) घर की दीवार से टिककर बैठे हुए थे। उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43 वर्ष) पास ही परछी में काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना और चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे मकान पर आ गिरी।

बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों पति-पत्नी मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद परिजन तत्काल दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

PVTG बैगा समुदाय से था परिवार

मृतक दंपत्ति विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) बैगा समुदाय से ताल्लुक रखते थे। पति-पत्नी की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।

बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली का खतरा

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से बचाव को लेकर सतर्कता की जरूरत को सामने ला दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं रहने की अपील की जाती है।