कटघोरा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार सुबह होटल में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने जब इसकी शिकायत होटल कर्मचारियों से की, तो स्टाफ ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राहक होटल में नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान सांभर में कीड़ा दिखाई दिया। इसे देखकर ग्राहकों ने होटल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। मामला सामने आने के बाद ग्राहकों में हड़कंप मच गया और कई लोग खाना छोड़कर होटल से बाहर निकल गए।
पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी शिकायत
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कोरबा के NTPC क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-बड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई की थी। अब कटघोरा के मुरली होटल में सांभर को लेकर सामने आई शिकायत ने एक बार फिर खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई पर नजर
मुरली होटल की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य विभाग ने मामले में जल्द कार्रवाई करने की बात कही है। अब देखना होगा कि विभाग की टीम होटल पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लेती है या स्वच्छता संबंधी अन्य जांच करती है।
लगातार सामने आ रही ऐसी शिकायतों के बीच ग्राहकों की मांग है कि होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।








