Wednesday, November 11, 2026

कटघोरा में चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में लगी आग, केबिन में भर गया धुआं; 25 यात्रियों की अटकी सांसें, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कोरबा से बिलासपुर जा रही यादव बस के गियर बॉक्स में कटघोरा तहसील चौक के पास आग लग गई। देखते ही देखते बस के केबिन में धुएं का गुबार भर गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कोरबा से बिलासपुर जा रही थी यात्री बस

जानकारी के अनुसार, यादव बस यात्रियों को लेकर कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास अचानक बस के गियर बॉक्स में आग लग गई। कुछ ही देर में बस के केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और बिना देर किए सभी यात्रियों को नीचे उतारकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

15 मिनट तक सुलगता रहा बस का गियर बॉक्स

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बस से सुरक्षित निकाले गए यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

कुछ देर तक सड़क पर लगी वाहनों की कतार

चलती बस में आग लगने की घटना के चलते कुछ देर के लिए कटघोरा तहसील चौक के पास यातायात प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने और आग पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।