Sunday, May 3, 2026

कलेक्टर ने स्याहीमुड़ी स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, एजुकेशन हब के बालिका आश्रम में मध्यान्ह भोजन शुरू करने दिए निर्देश

कोरबा। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने स्याहीमुड़ी स्थित एजुकेशन हब में पहुंचकर प्रयास आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती साहू ने प्रयास विद्यालय के साथ एजुकेशन हब में संचालित बालिका आश्रम का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने प्रयास विद्यालय पहुंचकर वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों और शिक्षकों की जानकारी स्कूल की प्राचार्या से ली। श्रीमती साहू ने कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं की कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रयास स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने और सफल होने के लिए प्रोत्सहित कियाकलेक्टर श्रीमती साहू ने कक्षा ग्यारहवीं की गणित विषय की कक्षा में जाकर पढ़ रहे विद्यार्थियों से अभी तक पूरे हो चुके सिलेबस और पढ़ाई के लिए समय सारणी आदि की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा आंचल बघेल, कामना सिंह और मोहित कुमार से प्रयास विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रयास विद्यालय के हॉस्टल में सुबह-शाम मिलने वाले नाश्ता-भोजन आदि के बारे में भी पूछा। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को बताया कि नाश्ता में पोहा, पकौड़े एवं इडली आदि दिए जा रहे हैं। भोजन में चांवल, दाल, सब्जी आदि दी जाती है।

कलेक्टर ने जताई नाराजगी, तत्काल शुरू करने दिए निर्देश – कलेक्टर श्रीमती साहू ने बालिका आश्रम में अध्ययनरत् कक्षा पहली से पांचवी तक के विद्यार्थियों को दिए जाने वाले भोजन की जानकारी ली। उन्होंने बालिका आश्रम के किचन में जाकर विद्यार्थियों के लिए बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी और रसोईयों को गुणवत्ता युक्त स्वादिष्ट भोजन बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बालिका आश्रम में बच्चों को मध्यान्ह भोजन नहीं दिए जाने की जानकारी पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को छात्रावास में तत्काल मध्यान्ह भोजन शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने किचन निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अच्छे और पौष्टिक भोजन बनाकर देने के निर्देश मौके पर मौजूद अधीक्षिका को दिए