Thursday, April 30, 2026

कानपुर हिंसा का दूसरा दिन:पुलिस का दावा- पश्चिम बंगाल से मिला दंगे का कनेक्शन; इसके पीछे चरमपंथी संगठन PFI का हाथ

कानपुर के बेकनगंज इलाके में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के तार पश्चिम बंगाल और मणिपुर से जुड़ रहे हैं। दंगे में चरमपंथी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) का नाम भी सामने आ रहा है। कानपुर के पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि PFI ने 3 जून को पश्चिम बंगाल और मणिपुर में बाजार बंद का आह्वान किया था। इसी दिन कानपुर में जुमे की नमाज के बाद बाजार बंद कराने पर हिंसा भड़की। पुलिस के मुताबिक, PFI की फंडिंग से कानपुर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास हुआ है। इसलिए मुख्य आरोपियों के बैंक खातों के ट्रांजैक्शन की जांच हो रही है। जिन 6 मोबाइल को जब्त किया गया है, उनका कॉल डिटेल खंगाला जा रहा है। आरोपियों से मिले कुछ अहम दस्तावेजों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

लखनऊ में छिपे थे कानपुर हिंसा के मुख्य आरोपी
3 जून की दोपहर 1:45 बजे यतीमखाना के पास की मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की गई। करीब 2.30 बजे लोग बाहर निकले। वो बाजार में खुली हुई दुकानों को बंद कराने लगे। हिंदू दुकानदारों ने दुकानें बंद करने से मना किया। कुछ अराजक तत्वों ने चंद्रेश के हाता में घुसकर पथराव किया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
भीड़ को काबू करने के लिए 12 थानों का पुलिसबल बुलाना पड़ा। पुलिस ने कई राउंड फायर किए। लाठीचार्ज किया। 5 घंटे बाद उपद्रव थमा। 12 से ज्यादा लोग चोटिल हुए। हिंसा के बाद देर रात सीएम योगी ने गोरखपुर मंदिर से वर्चुअल बैठक की। इसके बाद बेकनगंज थाने में 3 एफआईआर दर्ज की गईं।
मास्टरमाइंड हयात जफर, जावेद अहमद खान, मो. राहिन और मो. सूफियान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जावेद लखनऊ के हजरतगंज में एशियन वायस पोस्ट यूट्यूब चैनल चलाता है। यहीं वो अपने साथियों के साथ छिपा हुआ था।
सीएम योगी ने कानपुर का माहौल खराब करने वालों पर NSA और गैंगस्टर की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

  • पुलिस ने मुख्य आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड की मांग की। लेकिन, कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेजा है।
  • कानपुर पुलिस ने बवाल के 12 घंटे के अंदर 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वीडियो फुटेज से अब तक 36 आरोपियों की पहचान हुई है।
  • उर्सला हॉस्पिटल कानपुर में बवाल के आरोपियों को मेडिकल के लिए लाया गया। जहां एक आरोपी की तबीयत बिगड़ गई।
  • हिंसा के मुख्य आरोपी हयात की पत्नी ने कहा कि उन्होंने बंद का ऐलान वापस लिया था। 3 जून की रात 9 बजे के बाद हयात की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस भी कुछ नहीं बता रही है।
  • बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने परेड चौराहे पर हनुमान चालीसा पाठ कराने का आह्वान वापस लिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद तिवारी ने ये जानकारी दी।
  • सुन्नी उलमा काउंसिल के महासचिव हाजी सलीस ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे मुद्दों पर राजनीति करना बंद करें। हिंसा के समय सपा विधायकों ने लोगों को क्यों नहीं समझाया?
  • ADG लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि लखनऊ से 3 SP रैंक के अधिकारी भेजे गए हैं। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी भी हर गतिविधि पर नजर रखे हैं।
  • कानपुर उपद्रव मामले में PFI कनेक्शन, पुलिस प्रशासन के साथ खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। फोटो और वीडियो के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
  • हिंसा वाली जगह के दो किलोमीटर दायरे में 1,100 जवान सुरक्षा में तैनात हैं। इसके अलावा शहर में भी पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है।
  • कानपुर में हिंसा को देखते हुए पुराने लखनऊ में पुलिस ने किया पैदल मार्च। DCP वेस्ट सोमेन वर्मा ने शांति बनाए रखने की अपील की।
  • भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने अपील की। कहा, हमारा नगर जाती-धर्म, राजनीति से परे है। साजिश के तहत माहौल को बिगाड़ने की कोशिश हुई।
  • तनावपूर्ण स्थिति के बीच रात 2 बजे यतीमखाना की सड़क पर पुलिस कमिश्नर और DM ने फ्लैग मार्च किया।
  • पुलिस कमिश्नर विजय मीणा ने बताया कि अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 45 नामजद और 1000 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।