Thursday, November 12, 2026

कारोबारी दीपक टंडन फिर विवादों में: BJP नेत्री से 16 लाख रुपए लेने का आरोप, DSP कल्पना वर्मा से भी जुड़ चुका है नाम; होटल में पिटाई का वीडियो हुआ था वायरल

बिलासपुर पुलिस ने रेड मारकर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया था।रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन एक बार फिर विवादों में है। धोखाधड़ी, कथित ब्लैकमेलिंग और रसूखदार लोगों से संबंधों के दावों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले दीपक पर अब एक बीजेपी नेत्री से करीब 16 लाख रुपए लेने का आरोप लगा है। इस मामले में दीपक टंडन और बीजेपी नेत्री का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दीपक टंडन सोशल मीडिया पर नेताओं और प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर अपनी राजनीतिक पहुंच और रसूख की छवि पेश करता था। इससे पहले दंतेवाड़ा की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा के साथ विवाद को लेकर भी वह काफी चर्चा में आया था। इतना ही नहीं, उसके होटल में कपड़े उतरवाकर पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

फिलहाल दीपक टंडन फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है।

BJP नेत्री से 16 लाख रुपए लेने का आरोप

दीपक टंडन से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। आरोप है कि उसने एक बीजेपी नेत्री से करीब 16 लाख रुपए ऐंठे हैं। दोनों से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, इस मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ कर करता था ब्लैकमेलिंग

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन AI तकनीक की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी खबरें न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रकाशित करता था। खबर हटाने या मामला दबाने के नाम पर संबंधित लोगों से पैसे की मांग किए जाने का आरोप है।

इस मामले में बिलासपुर पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात कही गई है।

29 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत

इस मामले में 29 अक्टूबर को बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दीपक के खिलाफ बिलासपुर में एक, रायपुर में तीन और सक्ती में एक FIR दर्ज हुई है। इसके अलावा रायपुर और कोरबा में भी उसके खिलाफ पहले मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

DSP कल्पना वर्मा पर लगाया था 2 करोड़ रुपए लेने का आरोप

दीपक टंडन का नाम पहली बार बड़े स्तर पर दंतेवाड़ा की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के बाद चर्चा में आया था। कारोबारी ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच DSP ने शादी का झांसा देकर उससे करीब दो करोड़ रुपए, हीरे की अंगूठी, सोने के गहने और इनोवा क्रिस्टा कार ली थी।

दीपक के मुताबिक, दोनों की मुलाकात वर्ष 2021 में महासमुंद में एक कॉमन परिचित के जरिए हुई थी। इसके बाद फोन पर बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा। कल्पना वर्मा का ट्रांसफर रायपुर के माना में होने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

अपने आरोपों के समर्थन में दीपक ने कथित वॉट्सऐप चैट और CCTV फुटेज भी सामने रखे थे।

DSP ने आरोपों को बताया था निराधार

दूसरी ओर, DSP कल्पना वर्मा ने दीपक के आरोपों को निराधार बताते हुए इसे लेन-देन का विवाद और उन्हें बदनाम करने की साजिश बताया था। उनका कहना था कि दीपक पर उनके पिता हेमंत वर्मा का करीब 42 लाख रुपए बकाया था। इसी रकम को लेकर विवाद चल रहा था।

कल्पना वर्मा ने यह भी आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया पर तस्वीरों के आधार पर फर्जी चैट तैयार कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई।

होटल में कपड़े उतरवाकर पिटाई का वीडियो भी हुआ था वायरल

दीपक टंडन से जुड़ा एक और विवाद उस समय सामने आया था, जब उसके होटल में कुछ लोगों द्वारा कपड़े उतरवाकर पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना ने भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में मौजूद दीपक टंडन से जुड़े मामलों की जांच जारी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन और कथित आपत्तिजनक सामग्री की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान और खुलासे होने की संभावना है।