Thursday, July 16, 2026

कोरबा के तरदा गांव में बंद मकान से मिला मेडिकल वेस्ट, दुर्गंध फैलने पर खुला मामला

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के तरदा गांव में एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब ग्रामीणों ने मकान खुलवाकर अंदर देखा तो वहां भारी मात्रा में मेडिकल वेस्ट पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित मकान कुछ दिन पहले किराए पर लिया गया था। पिछले कई दिनों से वहां से बदबू आ रही थी, लेकिन गुरुवार को दुर्गंध इतनी अधिक हो गई कि आसपास रहना मुश्किल हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घर खुलवाया, जहां बड़ी संख्या में इंजेक्शन, सिरिंज, दवाओं की खाली शीशियां और अन्य जैव-चिकित्सा कचरा थैलियों में भरा मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट के उठाव का ठेका एनवायरो केयर कंपनी को मिला है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने इस मकान को मेडिकल वेस्ट के अस्थायी स्टोरेज के लिए किराए पर लिया था। वाहन खराब होने या अन्य कारणों से कचरा यहां रखा जाता था, जिसे बाद में बिलासपुर स्थित डिस्पोजल प्लांट भेजा जाना था। हालांकि, समय पर निस्तारण नहीं होने से मेडिकल वेस्ट जमा हो गया और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।