Monday, May 18, 2026

कोरबा : गुरसिया पंचायत में 40 लाख के गबन का आरोप, जांच के लिए टीम गठित

कोरबा। कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। पंचायत के पंचों और ग्रामीणों ने जिला जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर सरपंच पर लगभग 40 लाख रुपये की शासकीय राशि में अनियमितता और गबन का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा ने जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में स्वीकृत कई निर्माण कार्यों की राशि निकाल ली गई, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य शुरू तक नहीं हुआ। शिकायत में पांच आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान भवन, माध्यमिक शाला भवन, प्रयोगशाला भवन और कला एवं संस्कृति भवन निर्माण कार्य प्रभावित होने की बात कही गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच कार्यकाल में शुरू हुए निर्माण कार्यों की दूसरी किश्त की लगभग 15 लाख रुपये की राशि भी आहरित कर ली गई, लेकिन मजदूरों और संबंधित पक्षों को भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं और पंचायत के विकास कार्य ठप हो गए हैं।

निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एक आंगनबाड़ी भवन निर्माण में पुराने और जर्जर भवनों से निकाली गई ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह मामला कुछ माह पहले स्थानीय समाचारों में भी उठाया गया था।

मामले में सरपंच पति पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दबाव के चलते कई पंच खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं।

20 मई को होगी जांच

जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा द्वारा जारी आदेश के अनुसार गठित जांच दल 20 मई को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत गुरसिया पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेगा। पंचायत सचिव और संबंधित जिम्मेदारों को बचत पासबुक, चेकबुक, बिल-वाउचर, रोकड़वाही पंजी, ग्रामसभा बैठक पंजी सहित निर्माण कार्यों से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में अनुपस्थित रहने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।