कोरबा में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अप्पू गार्डन के पास का है, जहां एक बेलगाम कार ने पहले एक्टिवा सवार दो युवतियों को टक्कर मारी और फिर भागते समय एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घायल युवतियों की पहचान पूजा कंवर और किरण वैष्णो के रूप में हुई है। दोनों एक्टिवा से किसी काम से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे में एक्टिवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और तेजी से फरार होने लगा।
भागने के दौरान आरोपी चालक ने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। हालांकि बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया। दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तुरंत डायल-112 और सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। घायल पूजा कंवर और किरण वैष्णो को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्पू गार्डन क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं।









