Wednesday, September 23, 2026

कोरबा में पुलिसकर्मी बनकर 5 हजार की वसूली! बांस ले जा रहे युवक को जेल भेजने की धमकी, SP से शिकायत

कोरबा। जिले में पुलिसकर्मी बनकर वसूली करने का कथित मामला सामने आया है। सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने ट्रैक्टर से बांस की बल्ली ले जा रहे युवक को रोककर खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि दोनों ने बिना परमिट बांस ले जाने पर जेल भेजने की धमकी दी और युवक से ऑनलाइन 5 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।

मामला बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी से जुड़ा है। पीड़ित युवक ने घटना की शिकायत कोरबा एसपी से करते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ट्रैक्टर रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया

गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने उसका ट्रैक्टर रुकवा लिया।

योगेंद्र के मुताबिक, दोनों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद उन्होंने बांस ले जाने के लिए परमिट की जानकारी मांगी।

जेल भेजने की धमकी देकर 5 हजार लेने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि दोनों लोगों ने बिना परमिट बांस ले जाने पर उसे जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद उससे पैसों की मांग की गई।

कार्रवाई के डर से युवक ने ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद दोनों लोगों ने उसे जाने दिया।

पीड़ित ने SP से की शिकायत

घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने कोरबा एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उसने बताया कि दोनों लोगों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया था।

पीड़ित ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

आरक्षक के खिलाफ भी वसूली की शिकायत

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ एसपी कार्यालय में वसूली की शिकायत प्राप्त हुई है। एसपी की ओर से जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से आरोपियों की पहचान की कोशिश

पुलिस इस मामले में हुए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को भी जांच का आधार बना रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम किस खाते में पहुंची और कथित रूप से शामिल लोगों की पहचान क्या है।

पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।